Monday, January 5, 2015

पीके में मूर्ति पूजा को लेकर भ्रान्ति

 कल २ मिनट का एक दृश्य फेसबुक पर देखने को मिला। अतः टिपण्णी सिर्फ उसी दृश्य तक सीमित रखूँगा। 
पीके मूर्तियों की दूकान में जाते हैं और उन्हें आश्चर्य होता है कि ये भगवान् को दुकानवाले ने बनाया। आश्चर्य करता है कि छोटी बड़ी दोनों मूर्तियाँ एक ही काम करती हैं तो बड़े में पैसा क्यों लगाया जाय? कहता है कि जब भगवान् सीधे सुन लेता है तो फिर मूर्ति की क्या आवश्यकता है।
यहाँ अंतर सिर्फ दृष्टि का है। जिन्होंने हिन्दू धर्मशास्त्रों में साकार और निराकार की व्याख्या पढ़ी है उसके लिए इस तरह के दृश्य एकदम स्तरहीन लगेंगे। कुछ लोग इस भ्रम में रहते हैं हिन्दू लोग मूर्तिपूजक होते हैं। उनका यह भ्रम स्वाभाविक है क्योंकि उन्हें मूर्ति के बारे में जैसा बताया गया है वे वैसा ही सोचते हैं। मीठे का स्वाद वही जानता है जिसने मीठा चखा है। यह कैसा होता है आप बिना चखाए बता नहीं सकते। इस साकार और निराकार को समझने के लिए सनातनी दृष्टि चाहिए। सबके वश की बात नहीं है। संक्षेप में इतना ही कि हिन्दू वस्तुतः पश्चिमी व्याख्या वाली मूर्तिपूजा नहीं करते और मेरी समझ से इस्लाम से ज्यादा मूर्तिपूजक और कोई नहीं है, चाहे तो वहाबिओं से पूछ लो!
जब काम एक ही करती है तो अलग अलग मूर्तियाँ क्यों? आपको हिन्दू पूजा और जीवन पद्धति समझना पड़ेगा। यह एक आयामी नहीं है। आप मूर्ति को साकार मानकर चलेंगे तो आप पायेंगे कि इन मुर्तरूपों ने ही भारत में कला को जन्म दिया। मूर्तियां सिर्फ कला का ही मूर्तरूप नहीं हैं बल्कि कला को जन्म देने में अभिप्रेरक भी बनी। पाककला, संगीत, नृत्य, चित्रकारी, मूर्तिकला और स्थापत्य सब इन मूर्त साकार के समक्ष ही भारत में विकसित हुए। ये समझेंगे तो समझ जायेंगे भारत में पूजा पद्धति सिर्फ इश्वर की आराधना नहीं बल्कि जीवन जीने का मार्ग है। प्राण प्रतिष्ठा के समय होने वाले दृष्टिदान ने जीवनशैली विकसित किया है।  हिन्दुओं की अराधना आस्था के साथ साथ सौन्दर्य और श्रृंगार का भी एक अद्भुत मिश्रण है। हिन्दू राजाओं ने मंदिर बनवाये न की अपने यादगार में मकबरे के तौर पर समाधियाँ! ऐसा क्यों था ? मीराबाई ने किस रूप में कृष्ण को अपना प्रेमी स्वीकार किया था? साकार रूप में या निराकार में? यह तो मीराबाई ही बता सकती हैं। साकार और निराकार के इस अंतर या फिर कहें कि एकत्व को समझने की मानसिकता सबमे विकसित नहीं होती। 
अंत में अगर भगवान् सीधे सुन लेता है तो मूर्ति की क्या आवश्यकता है। मूर्ति पर तो उपरोलिखित बहुत हो गया। अब काम की बात करता हूँ। मेरे घर और पड़ोस के एक मस्जिद के बीच मेरी लम्बाई से भी कम की दुरी है। पहले मौलवी साहब अपने मधुर स्वर में आजान किया करते थे। पिछले पांच साल से अल्लाह को अपनी बात सुनाने के लिए चार चार माइक चारों दिशा में लगे हैं। घर के बच्चे सुबह ही उस आवाज से जग जाते हैं, पता नहीं खुदा जग पाते हैं कि नहीं। यही स्थिति भारत में बहुत जगह हो गयी है। लगता है खुदा भी अब बूढ़े हो चले हैं। कम सुनाई देता है। कान की मशीन बनवा लेते तो मौलवी साहब की बात भी सुन लेते और उन छोटे बच्चों की नींद हराम नहीं होती। और हाँ, जब वह हर जगह ही होते हैं तो हर शुक्रवार को सड़क जाम करने की क्या आवश्यकता थी? क्या पता पीके ने इस पर टिपण्णी की कि नहीं?

Tuesday, October 7, 2014

मतपरिवर्तन से धर्मपरिवर्तन: बकरीद में बढ़ती गौकशी

ईद-उल-अजहा को समान्य बोलचाल में बकरीद कहते हैं। संस्कृत में भी बकरे को अज ही कहा जाता है। अल्लाह ने भी इब्राहिम के पुत्र को बकरा ही बनाया था। अब रही बात धार्मिक रीति-रिवाज और समाजिक रहन-सहन की तो यह मुख्यतया क्षेत्रीय परिवेश, परिस्थितियों और प्रकृतिक संसाधनों की उपलब्धता से प्रभावित होती हैं। अब अरब प्रदेश में बकरों और ऊँटों की कुर्बानी होती है तो इसके पीछे भी वही कारण रहे होंगे। वहाँ गाय कम हैं इसलिए उसकी कुर्बानी का कोई व्यापक रिवाज भी नहीं था और आज भी कम ही है। मैने कहीं पढ़ा भी है कि क़ुरान में गाय को चौपायों का सरदार बोला गया है। भारत मे तो गौमांस तज्य है। लेकिन आज ऐसा ज्यादातर हिन्दू ही कह रहे हैं। पहले ऐसा नहीं  था। भारतीय मुसलमान भी ऐसा ही मानते थे क्योंकि उनके पूर्वजों हिन्दू थे और वंश परम्परा से यह गुण उनमें आया था। अगर ऐसा नहीं होता तो समय समय पर मुगल शासकों को गौहत्या पर बन्दी नहीं लगानी पड़ती। भारत में गौ हत्या सिर्फ आक्रमणकारियों द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए ही किया जाता था क्योंकि इससे सीधे जनसामान्य  की अस्मिता पर प्रहार होता  था। गौहत्या के पीछे भी वही कारण थे जिनके लिए आक्रमणकारी मंदिर तोड़ा करते थे। अंग्रेजो ने फुट डालो शासन करो की नीति के अन्तर्गत गौ हत्या को बढ़ावा दिया और राजनैतिक लाभ उठाया। बाद में समाज को बांटने के लिए वामपंथी इतिहासकारें ने भी वैसी ही व्याख्या की। धीरे-धीरेे बहुत मुसलमान मान बैठे कि गौ की कुर्बानी आवश्यक है। लेकिन वास्तविकता है कि हम तो राजनीतिकरण के शिकार हो गए। जो हमारे लिए अधर्म था अब धर्म हो गया। पुर्वजों के संस्कार के मायने बदल गए। जिसका प्रयोग हमारे स्वाभिमान को चोट पहुँचाने के लिए हुआ था वही हमारे लिए अब स्वाभिमान से जुड़ गया। अत: मेरी समझ से मतपरिवर्तन से धर्मपरिवर्तन का सबसे सटीक उदाहरण बकरीद में बढ़ती गौकशी है।

Thursday, September 11, 2014

जनआस्था का सम्मान करती सरकारी झूठ !!!

वर्ष 2009-10 में आयकर की धारा  80 IB  के अंतर्गत मांस उत्पाद और उसके प्रसंस्करण के लिए स्थापित नए  कत्लखानों को  5 साल के टैक्स हॉलिडे की नीति के फलस्वरूप भारत से अत्याधुनिक कत्लखानों की स्थापना हुई और उसके बाद मांस उत्पाद, खासकर भैंस मांस (buffalo meat) में अभूतपूर्व वृद्धि हुई। भैंस मांस का निर्यात तेजी से बढ़ा और यह भारत से कुल मांस निर्यात का करीब ८७ %  हो गया। भारत सरकार की एक संस्था एपीडा (एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्सेड फ़ूड डेवलपमेंट अथॉरिटी) के अनुसार 2011-12 में भैंस मांस का निर्यात 9.86 लाख मैट्रिक टन था जो मात्र दो साल में लगभग डेढ़ गुना बढ़कर 2013-14 में 14.49 लाख मैट्रिक टन हो गयी। सबसे ज्यादा निर्यात विएतनाम में होता है जो कुल निर्यात का 35 % है।  एपीडा के अनुसार भारत विश्व में भैंस मांस का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। इसके अनुसार भारतीय भैंस मांस का अंतराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक मांग है क्योंकि भारत में हलाल तरीके से मांस निकाला जाता है। भारतीय पशुओं में अभी मैड काऊ डिजीज (mad cow disease) सुनने को नहीं मिला है और  भारत में इन पशुओं का मुख्य आहार मुख्यतया जैविक होने के कारण इनकी चर्वी में कोई रासायनिक प्रदूषक भी नही है। भारतीय भैंस की चर्वी पतली होती है जिससे उनका स्वाद रुचिकर होता है और गौ मांस की तरह भैंस मांस भारत में निषिद्ध नहीं है और ना ही भैंस मांस और हत्या के साथ कोई जनआस्था  जुड़ी हुयी है। भैंस मांस का सबसे अधिक उत्पादन उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंग, केरल, राजस्थान और दिल्ली में होता है।

उल्लेखनीय यह है कि भारत सरकार अपने किसी भी रिकॉर्ड में यह नहीं मानती कि भारत से गौ-मांस का निर्यात होता है।  हर जगह केवल भैंस मांस की ही चर्चा है।  लेकिन क्या इस बात की सत्यता को स्वीकार किया जा सकता है? या फिर जनभावना को ठेस नहीं पहुचाने के उद्देश्य से यह सरकारी झूठ पेश किया गया है और भैंस के नाम  पर भारत से गौ-मांस का निर्यात होता है। इस तथ्य को इस तरह से समझा जा सकता है कि भारत में किस पशु की संख्या में ज्यादा गिरावट आयी है।  18वीं (2007) पशुगणना में भैसों की संख्या 105.3 मिलियन थी और गौ-वंश की संख्या 166 मिलियन थी जो 19वीं (2012) की पशुगणना में क्रमशः  108.7 मिलियन और 151.17 मिलियन हो गयी।  यानि भैसों की संख्या में तो बढ़ोतरी हुयी लेकिन गौ-वंश की संख्या में कमी आयी है। जब  गाय और भैंस की आयु और प्रजनन दर लगभग समान होती हैं तो अंदाजा सिर्फ इस बात से ही लगाया जा सकता है गौ-वंश की संख्या में कमी का कारण मांस-निर्यात के लिए उनकी हो रही ह्त्या ही है। देशी नस्ल के पशुओं की संख्या में हो  रहे गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा  सकता है की 1997 में  दुधारू पशु में संकर किस्म की गाय 20.1 मिलियन (7 %), भैंस की संख्या 89 मिलियन (31 %) और देशी गौवंश 178 मिलियन (62 %)  थी जो 2012 में क्रमशः  39.7 मिलियन (13.25 %), 108.7 मिलियन (36.25 %) और 151.17 (50.5 %) मिलियन हो गयी। गौ वंश की संख्या में यह गिरावट बैल और साँढ़ों में और भी तीव्र है।  इसका मुख्य कारण एक तरफ भारत में कृषि का बढ़ता यांत्रिकरण और रासायनिक खाद का प्रयोग है  तो दूसरी तरफ बढ़ता हुआ नगरीकरण है। 

उल्लेखनीय है कि भारत शुरू से ही मुख्यतया एक शाकाहारी देश रहा है और आज भी विश्व में शायद ही ऐसा कोई देश होगा जिसकी इतनी बड़ी जनसंख्या शाकाहारी होगी। भारत के मूल जीवन शैली प्रकृति और मनुष्य में सामन्जय के साथ चलने की रही है। चर-अचर सब एक ही परमात्मा के रूप माने गए हैं। इनसे अलग गौ और गौवंश के साथ जन-आस्था जुडी हुयी हैं।   लेकिन भारत आज अपने मूल जीवन शैली से इस हद तक अलग हुआ कि भारत से पशुधन की कमी होने लगी।  पशु जो पूज्य थे और धन भी माने जाते थे वह आज सिर्फ उपभोग (dairying & farming) के लिए प्रवृत हो रहे हैं। इसके लिए उन्हें दोषी मानना जो कि इन पशुओं के मांसो को तज्य नहीं मानते सिर्फ वास्तविकता से मुंह मोड़ना है।   सच यह है कि हिन्दू समाज के रहन सहन में बदलाव आया हैं और वह प्रकृति के साथ एकीकृत नहीं रह गयी है और विच्छेदित हो गयी है। तो क्या इसे ही अवश्यम्भावी मानकर हाथ पर हाथ धार के बैठा रहा जाय?  समाज जहाँ भी विफल रहा है वहाँ पर सरकार ने सकारात्मक हस्तक्षेप किया है। भारत में पशुओं खासकर गौवंश सिर्फ आस्था का ही प्रश्न नहीं है बल्कि इनकी सुरक्षा और संवर्धन संविधान द्वारा सरकार को निर्देशित नीति-गत मूल्य भी हैं। ऐसे में सरकार अपने आकंड़ों से इस सच को छुपाने का प्रयास करना न सिर्फ अपने एक संविधान निर्देशित कर्तव्य से मुंह मोड़ना है बल्कि आंकड़ों का एक छल भी है।  आंकड़े आइना होते हैं।  सरकार सत्य तथ्य प्रस्तुत कर समाज को भी आइना दिखाए। 

(उपरोक्त समस्त आंकड़े भारत सरकार और एपीडा के वेबसाइट से लिए गए हैं)



Friday, August 29, 2014

गणेश जी का रूप मात्र एक रूपक है

अंग्रेजी पत्रों में गणेशजी के लिए मेरी समझ से एक व्यंगात्मक शब्द एलीफैंट गॉडका प्रयोग होता है।  हिन्दू संस्कारों में ररूपकों का प्रयोग बहुतायता से हुआ है। बहुत बार इन रूपकों का प्रयोग गलत अर्थों में लिया जाता है। अब जैसे गणेश जी को ही ले लीजिये। इनका मुख हाथी का, शरीर मानव का और सवारी चूहे की और इनका नाम  गणेश, गणपति, गणाधिपति, गणराय है।  इन सबके एक ही अर्थ हैं यानि जो गणों  श्रेष्ठ में हैं। यानि नामों में गण शब्द की प्रधानता है।  ये गण कौन हैं?
गण का एक शाब्दिक अर्थ है वे अर्धदेव जो शिव और पार्वती जी के सेवक हैं और गणेश जी के अधीक्षण में रहते हैं।  अब गणेश जी की मातु-पिता की भक्ति की कहानी किसने नहीं सुनी होगी।  अतः गणेशजी एक अर्थ में उसी सेवा की प्रधानता को ही प्रदर्शित करते हैं।

दूसरे अर्थ में गण शब्द का अर्थ होता  सामान उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए बना मनुष्यों की सभा/ समाज। अब इसका अर्थ यह हुआ कि गणेश किसी एक का नाम नहीं बल्कि उद्देश्यों में प्रधान उद्देश्य के लिए उपस्थित लोगों का समुच्चय है। मानव जीवन का प्रधान उद्देश्य धर्म ही है और क्योंकि प्रकृति के साथ-साथ व्यक्ति, राष्ट्र एवं लोक-परलोक सबको धारण करने का शाश्वत् नियम ‘धर्म’ है-
धारणाद्धर्म इत्याहुधर्मों धारयते प्रजाः। /यतस्याद्धारण संयुक्तं स धर्म इति निश्चयः।।
अब गणेशजी की प्रतिमा को ही ले लीजिये यह प्रकृति के सारे जीवों का एक सुन्दर संकलन है।  आपमें  सबसे बड़े स्तनधारी हाथी भी है तो साथ में छोटा हां चूहा भी निरोपित है।  शरीर रूप में मानव हैं। बाजूबंद इत्यादि सर्प के हैं जो की अण्डज हैं।  स्तनपायी और अण्डज एक साथ हैं। फिर भोग तो लड्डू और दूर्वा का लगता है। मानवीय वैभवता का प्रतिक लड्डू है और प्रकृति प्रदत एक सूक्ष्म इकाई दूर्वा है।  यानि गणेशजी की प्रतिमा प्रकृति के समस्त जीवों का समुच्चय है जिसका उद्देश्य ही धर्म है।

तीसरे अर्थ में गण का अर्थ होता है जोड़ना जैसे की हम गणना करने में प्रयोग करते हैं और जो शरीर प्रकृति के समग्रता या समस्त योग का प्रतिक है वही गणेश है क्योंकि जैसा की अभी स्पष्ट हुआ कि गणपति की प्रतिमा सारे जीवों को एक साथ समाहित की हैं।

आप सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामना  

Monday, August 18, 2014

संघ और हिन्दू राष्ट्र को लेकर मनगढ़ंत रिपोर्टिंग

मुंबई में कल हुए विश्व हिन्दू परिषद् के कार्यक्रम में उपस्थित था और अलग अलग धर्माचार्यों, पटना साहिब के मुख्य ग्रंथी, जैन मुनि और बौद्ध भिक्षु, इसरो के पूर्व चेयरमैन माधवन नायर सहित प्रवीन तोगड़िया और मोहन जी भागवत के भाषण सुना। अभी समाचार सुन रहा हूँ। प्रत्यक्ष समझ में आ रहा है कि किस तरह से ये घटनायों से छेड़छाड़ करते हैं और हमारे समक्ष मन मुताबिक़ प्रस्तुत करते हैं। अपने हिसाब से कोई भी अंश दिखाते हैं और कहते हैं कि विवादित बयान दिया जबकि यह इनके दिमाग की ही उपज होती है।

अगर सम्पूर्ण कार्यकर्म में किसी बात पर अत्यधिक जोर था तो वह था हिन्दू समाज में समरसता कैसे लाई जाए। लेकिन हिन्दू समाज के ये दुश्मन इस बारे में ये कोई चर्चा नहीं करेंगे। उन्हें सुधार की वो बातें जो समाज को संगठित करती हैं और राष्ट्र को मजबूत करती हैं ये प्रसारित करने लायक नहीं लगाती हैं। अगर इन्हें समाज की इतनी ही चिंता है तो ऐसे क्लिप को नहीं दिखाते। जतिविरहित हिन्दू समाज और संगठित समाज पर विभिन्न संप्रदाय के सारे उपस्थित धर्माचार्य एकमत थे यह समाचार ही बता देते। जो सात दस हजार के समक्ष कहीं गयी इनके अनुसार विवादित वाक्य था उसी पर जोर देकर यह किस विवाद का जन्म दे रहे हैं और किसकी दलाली कर रहे हैं।

इसके साथ साथ हिन्दू समाज और भारत राष्ट्र के समक्ष चुनौतियों पर भी चर्चाएँ हुई। इस कार्यक्रम का बोध वाक्य था "हिन्दू हम सब एक". हिन्दू समाज के बारे में ट्वीट करने वाले दिग्विजय सिंह यह जान लें बौद्ध , जैन, सिक्ख सभी धर्मगुरुयों ने अपने को एक विशाल हिन्दू परिवार का अंग माना और कहा कि उनकी सिर्फ उपासना पध्दति ही अलग अलग है जबकि मूल तो एक ही है। आप लोग जो चाहे यह कह सकते सकते हैं ये तो उनका व्यक्तिगत मत था और यह स्वतंत्रता आपको हिन्दू समाज ही देता है।

पूरा कार्यक्रम सिर्फ एक ही आदर्श बोध स्थापित करने का प्रयास था :
हिद्वः सोदर सर्वे ,न हिन्दुः पतितो भवेत् | मम दीक्षा हिन्दू रक्षा , मम मन्त्रः समानता|| 

(अर्थात ......सारे हिन्दू मेरे भाई हैं.....कोई हिन्दू पतित या नीच नहीं है,,,,,,|हिन्दू की रक्षा मेरी दीक्षा है और सब हिन्दुओ में समानता मेरा मन्त्रहै!)

(और भारत और हिन्दूस्तान तो एक ही है और हिन्दुस्तान के समक्ष चुनौतियाँ तो भारत के समक्ष चुनौतियाँ हैं। )

Monday, June 30, 2014

टे"क्स एजुकेशन में भारतीय मानसिकता का ध्यान जरुरी

"टे"क्स एजुकेशन को विद्यालयीन पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने पर आज कल सुन्दर नारियां टेलीविज़न पर सक्रिय हैं।  क्यों न हो भाई, जैसे मनुष्य जीवन में मृत्यु निश्चित है वैसे ही "टे"क्स भी निश्चित है। और बच्चे को जब बालिग होकर "टे"क्स भरना  ही है तो उन्हें क्यों न अभी से ही "टे"क्स एजुकेशन दी जाए। वैसे भी पिछली सरकार तो यह मन बना चुकी थी की अनुमति से "टे"क्स भरने की उम्र १६ साल कर दी जाए। अभी आप यह न पूछिये कि क्या "टे"क्स का ज्ञान का इतना बृहत् है कि उसे पाठ्यक्रम में शामिल किया जा सके।  इसमे क्या कुछ है कि उसे हर साल पढ़ाई जाए।  अब "टे"क्स भरने के नियम इतने अधिक हैं कि सारे इंटरनेट का स्टोरेज काम पड़ जाये तो आपको क्या लगता है आपने जो नौवें और दशवें में थोड़े से पढ़ लिए थे और तस्वीरें देखकर खुश हो लिए थे वो प्रयाप्त थे। आपने अधूरा ज्ञान पाया। इन सुन्दर नारियों के बात पर ध्यान दीजिये और बच्चो को यह जानने का अवसर दीजिये कि बैड "टे"क्स और गुड "टे"क्स क्या होता है। दिमाग को जरा शांत रखिये कि ये "टे"क्स की फीलिंग को स्कूल में कैसे बताएँगे कि गुड और बैड क्या है। इसके क्या प्रक्टिकल क्लास होंगे? और ज्यादा टेंशन भी मत लीजियेगा कि जैसे आज हर विषय के कॉचिंग क्लास अनिवार्य हो गए हैं वैसे इसके क्लाससेस कहाँ लगेंगे? उसका खर्च कितना होगा? ज्यादा चिंतित मत हो मेरी समझ से ऐसा कुछ नहीं होगा। "टे"क्स भरनेे के आलावा उससे सम्बंधित कोई भी खर्च "टे"क्स संरचना को रेग्रेस्सिवे बना देता है। अतः हर गली के नुक्कड़ पर, बड़े वृक्ष और झुरमुट के पीछे, स्कूल के टिफ़िन ब्रेक में और कैंटीन में "टे"क्स के क्लासेज लगेंगे वह भी बिलकुल मुफ्त होंगे।  वैसे शुरुआत तो ही हो चुकी है बड़े शहरों में जहां पर "टे"क्स के प्रति सजग लोग रहते हैं।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
पता नहीं आगे क्या होंगे। लेकिन "टे"क्स एजुकेशन को पाठ्यक्रम में लाने के पहले सरकार को को भारत की जनभावना को समझना पड़ेगा कि यहाँ पर ऐसे भी कानूनन "टे"क्स भरने वाले लोग हैं जो सन्नी लिओनी के इतने जायकेदार प्रचार और जागरूकता अभियान के बाद भी मेडिकल स्टोर पर इसके साइड इफ़ेक्ट से बचने के लिए जब सुरक्षा कवच को लेने दूकान पर जाते हैं तो दुकानदार उसे अखबार के एक टुकड़े में लपेट कर देता है।

Friday, April 25, 2014

वाराणसी और वड़ोदरा का सूक्ष्म अंतर

किसी प्रदेश का लोक प्रशासन जनता की तरफ़ कितना संवेदी है उसका आंकलन सिर्फ़ इस बात से ही किया जा सकता है कि जनता सरकारी कार्यालयों में कितना सहज महसूस करती है।  यह इस बात पर निर्भर करेगा कि जनसेवक एक सामान्य जनता से अपने कार्यालय में किस तरह का व्यवहार करता है। यह जनसेवक की मानसिकता पर निर्भर करती है। सामान्य जनता सरकारी कार्यालयों में अगर सहज मह्सूस करती है और वहाँ पर उसके विश्वास का स्तर (कॉन्फिडेंस लेवल) अगर उच्च है तो निसंदेह यह एक अच्छे प्रशासन (गुड गवर्नेंस) की शुरुआत है। सरकारी नीतियों का सरलीकरण हो यह ज़रूरी है लेकिन उसके साथ यह भी  उतना ही ज़रूरी है कि सरकारी कार्यालयों की संरचना, आविर्भाव और भौतिक परिवेश कैसा हो इस पर भी ध्यान रखा जाये । अगर इनकी अभिव्यक्ति ऐसी हो जिससे एक सामान्य नागरिक  को लगे कि वह एक याचक के समान 'माई-बाप' सरकार के समक्ष नहीं बल्कि नीति-प्रदत अपने अधिकारों की आपूर्ति के  लिये जनसेवक के समक्ष आया है तो यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण शुरुआत होंगी।  इस तरह के वातावरण सिर्फ़ नागरिकों के ही नहीं बल्कि शासकीय कर्मियों के भी नागरिकोँ के प्रति उनके रुख को बदलने में सहायक होते हैं। व्यक्तिगत तौर पर ऐसा वातावरण सरकारी कर्मियों को भी अपने कर्तव्य और जिम्मेवारियों के प्रति प्रेरित करता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऐसा यह  भी दर्शाता है कि सरकार का जनता के प्रति क्या सोच है।

नरेंद्र मोदी का वाराणसी और वडोदरा से नामांकन भरने कि तस्वीर में जो सबसे बड़ा अन्तर है वह लोक प्रशासन का है। वड़ोदरा की तस्वीर में कलेक्टर के समक्ष कुर्सिया लगी हुयी हैं जहां पर आगंतुक आ कर बैठ सकते हैं और अपनी बात अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं।  अगर कलेक्टर एक साधारण नागरीक को पहले बैठने को कहे और फ़िर अपनी बात रखने को कहे तो उसमे अपने आप एक सहजता का बोध होगा।  उसके भय कम होंगे। लेकिन वही अगर कलेक्टर के सामने बैठने की जगह ही नहीं हो और एक नागरिक को अपनी बात खड़े खड़े ही कहना पड़े तो वह निश्च्य हि असहज महसूस करेगा और सरकारी कार्यालयों में आने से कतराने लगेगा। उसके विश्वास का स्तर निम्न होगा। ऐसे परिस्थितियों में सरकारी कार्यालयों में घूसखोरी बढ़ेगी, कार्य दलालों के माध्यम से करवाये जाएंगे और शासकीय सेवकों में एक अकड़पन होगा। वाराणसी से नामांकन भरते समय कि तस्वीर में मैने देखा कि कलैक्टर के सामने के हॉल में आगंतुकों के बैठने के लिये समुचित औरपर्याप्त संख्या में कुर्सिया उपलब्ध नहीं हैं।  निसंदेह उपरोक्त कारणों से मै यह कह सकता हूँ कि इतने से ही  अंदाजा लगाया जा सकता है कि कहाँ का लोकप्रशासन जनता के प्रति ज्यादा संवेदी हैं।

हालाँकि मेरा यह मत वड़ोदरा और वाराणासी के मध्य सीधे तौर पर तुलना करना नहीं है बल्कि दोनो जगहों के एक बारीक़ अन्तर पर प्रबन्धन के आधुनिक सिद्धांत की दृष्टि से अपने मंतव्य रखना है और सिर्फ़ इसी तस्वीर के आधार पर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दीबाजी होगी लेकिन यह एक मापदंड तो हो ही सकता है। 
इसके एक पहलू यह भी हो सकता कि बनारस के कलेक्टर ऑफिस में एक राज्य के मुख्यमंत्री, बनारस के दो गणमान्य व्यक्ति और दो पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ भी वैसा ही हुआ जैसा कि एक साधारण नागरिक के साथ होता है। जब तक आपके कार्य नहीं हो जाते तब तक आपको खड़े ही रहना पडेगा (Every one is equal before law) !!!!!