Thursday, September 11, 2014

जनआस्था का सम्मान करती सरकारी झूठ !!!

वर्ष 2009-10 में आयकर की धारा  80 IB  के अंतर्गत मांस उत्पाद और उसके प्रसंस्करण के लिए स्थापित नए  कत्लखानों को  5 साल के टैक्स हॉलिडे की नीति के फलस्वरूप भारत से अत्याधुनिक कत्लखानों की स्थापना हुई और उसके बाद मांस उत्पाद, खासकर भैंस मांस (buffalo meat) में अभूतपूर्व वृद्धि हुई। भैंस मांस का निर्यात तेजी से बढ़ा और यह भारत से कुल मांस निर्यात का करीब ८७ %  हो गया। भारत सरकार की एक संस्था एपीडा (एग्रीकल्चर एंड प्रोसेस्सेड फ़ूड डेवलपमेंट अथॉरिटी) के अनुसार 2011-12 में भैंस मांस का निर्यात 9.86 लाख मैट्रिक टन था जो मात्र दो साल में लगभग डेढ़ गुना बढ़कर 2013-14 में 14.49 लाख मैट्रिक टन हो गयी। सबसे ज्यादा निर्यात विएतनाम में होता है जो कुल निर्यात का 35 % है।  एपीडा के अनुसार भारत विश्व में भैंस मांस का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। इसके अनुसार भारतीय भैंस मांस का अंतराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक मांग है क्योंकि भारत में हलाल तरीके से मांस निकाला जाता है। भारतीय पशुओं में अभी मैड काऊ डिजीज (mad cow disease) सुनने को नहीं मिला है और  भारत में इन पशुओं का मुख्य आहार मुख्यतया जैविक होने के कारण इनकी चर्वी में कोई रासायनिक प्रदूषक भी नही है। भारतीय भैंस की चर्वी पतली होती है जिससे उनका स्वाद रुचिकर होता है और गौ मांस की तरह भैंस मांस भारत में निषिद्ध नहीं है और ना ही भैंस मांस और हत्या के साथ कोई जनआस्था  जुड़ी हुयी है। भैंस मांस का सबसे अधिक उत्पादन उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, पश्चिम बंग, केरल, राजस्थान और दिल्ली में होता है।

उल्लेखनीय यह है कि भारत सरकार अपने किसी भी रिकॉर्ड में यह नहीं मानती कि भारत से गौ-मांस का निर्यात होता है।  हर जगह केवल भैंस मांस की ही चर्चा है।  लेकिन क्या इस बात की सत्यता को स्वीकार किया जा सकता है? या फिर जनभावना को ठेस नहीं पहुचाने के उद्देश्य से यह सरकारी झूठ पेश किया गया है और भैंस के नाम  पर भारत से गौ-मांस का निर्यात होता है। इस तथ्य को इस तरह से समझा जा सकता है कि भारत में किस पशु की संख्या में ज्यादा गिरावट आयी है।  18वीं (2007) पशुगणना में भैसों की संख्या 105.3 मिलियन थी और गौ-वंश की संख्या 166 मिलियन थी जो 19वीं (2012) की पशुगणना में क्रमशः  108.7 मिलियन और 151.17 मिलियन हो गयी।  यानि भैसों की संख्या में तो बढ़ोतरी हुयी लेकिन गौ-वंश की संख्या में कमी आयी है। जब  गाय और भैंस की आयु और प्रजनन दर लगभग समान होती हैं तो अंदाजा सिर्फ इस बात से ही लगाया जा सकता है गौ-वंश की संख्या में कमी का कारण मांस-निर्यात के लिए उनकी हो रही ह्त्या ही है। देशी नस्ल के पशुओं की संख्या में हो  रहे गिरावट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा  सकता है की 1997 में  दुधारू पशु में संकर किस्म की गाय 20.1 मिलियन (7 %), भैंस की संख्या 89 मिलियन (31 %) और देशी गौवंश 178 मिलियन (62 %)  थी जो 2012 में क्रमशः  39.7 मिलियन (13.25 %), 108.7 मिलियन (36.25 %) और 151.17 (50.5 %) मिलियन हो गयी। गौ वंश की संख्या में यह गिरावट बैल और साँढ़ों में और भी तीव्र है।  इसका मुख्य कारण एक तरफ भारत में कृषि का बढ़ता यांत्रिकरण और रासायनिक खाद का प्रयोग है  तो दूसरी तरफ बढ़ता हुआ नगरीकरण है। 

उल्लेखनीय है कि भारत शुरू से ही मुख्यतया एक शाकाहारी देश रहा है और आज भी विश्व में शायद ही ऐसा कोई देश होगा जिसकी इतनी बड़ी जनसंख्या शाकाहारी होगी। भारत के मूल जीवन शैली प्रकृति और मनुष्य में सामन्जय के साथ चलने की रही है। चर-अचर सब एक ही परमात्मा के रूप माने गए हैं। इनसे अलग गौ और गौवंश के साथ जन-आस्था जुडी हुयी हैं।   लेकिन भारत आज अपने मूल जीवन शैली से इस हद तक अलग हुआ कि भारत से पशुधन की कमी होने लगी।  पशु जो पूज्य थे और धन भी माने जाते थे वह आज सिर्फ उपभोग (dairying & farming) के लिए प्रवृत हो रहे हैं। इसके लिए उन्हें दोषी मानना जो कि इन पशुओं के मांसो को तज्य नहीं मानते सिर्फ वास्तविकता से मुंह मोड़ना है।   सच यह है कि हिन्दू समाज के रहन सहन में बदलाव आया हैं और वह प्रकृति के साथ एकीकृत नहीं रह गयी है और विच्छेदित हो गयी है। तो क्या इसे ही अवश्यम्भावी मानकर हाथ पर हाथ धार के बैठा रहा जाय?  समाज जहाँ भी विफल रहा है वहाँ पर सरकार ने सकारात्मक हस्तक्षेप किया है। भारत में पशुओं खासकर गौवंश सिर्फ आस्था का ही प्रश्न नहीं है बल्कि इनकी सुरक्षा और संवर्धन संविधान द्वारा सरकार को निर्देशित नीति-गत मूल्य भी हैं। ऐसे में सरकार अपने आकंड़ों से इस सच को छुपाने का प्रयास करना न सिर्फ अपने एक संविधान निर्देशित कर्तव्य से मुंह मोड़ना है बल्कि आंकड़ों का एक छल भी है।  आंकड़े आइना होते हैं।  सरकार सत्य तथ्य प्रस्तुत कर समाज को भी आइना दिखाए। 

(उपरोक्त समस्त आंकड़े भारत सरकार और एपीडा के वेबसाइट से लिए गए हैं)



No comments:

Post a Comment