Friday, January 3, 2014

भ्रष्टाचार शब्द का एक तरफा प्रयोग

'भ्रष्टाचार' = भ्रष्ट + आचार 
भ्रष्ट यानी पतित, दुश्चरित्र, विचलित और आचार यानि आचरण, व्यवहार। 
आजकल यह शब्द सरकारी सेवकों के लिए खूब इस्तेमाल होता है। या कहे तो यह शब्द सरकारी तन्त्र का ही पर्याय बन चूका है। आज भी मुख्यमंत्री महोदय ने आम आदमी में सरकारी कर्मचारी का नाम नहीं लिया। इनकी दुनिया भ्रष्ट है एक दो इमानदार शायद ही निकल आयें। इस तरह इस तीक्ष्ण और कटु शब्द का एक-तरफा प्रयोग इतर-सरकारी वर्ग को सदाचारी होने का एक अंध-गुमान कराता है। समाज और आम-आदमी सदाचारी है, पवित्र है, दोषमुक्त है। ऑटो-चलाने वाला भ्रष्टाचारी नहीं है और आम आदमी है, चाहे वह एक अनजान आदमी को ज्यादा कमाने के लिए क्नाट प्लेस के सर्किल में पांच -दस फर्जी चक्कर ही क्यों ना लगवा दे। बिजली विभाग के कर्मी पतित और दुश्चरित्र है लेकिन वही बिजली की चोरी करने वाला आम आदमी है वह भ्रष्टाचारी नहीं है। अगर हमारा समाज आत्म-निरिक्षण करे तो हम अपने आप को कहाँ पाएंगे ? अगर दो चार पैसो के लिए कोई विचलित हुआ तो वह भ्रष्टाचारी है फिर मैं उस समाज के लिए क्या विशेषण प्रयोग करूँ जहाँ पेट में पल रही बच्ची को ही मारने की घटना बढ़ रही है। जहाँ नवजात शिशु को किसी कचरे के ढेर में रख कर छोड़ने की घटना बढ़ रही है। जहां परिवार टूट रहे हैं। लड़कियों के साथ बलात्कार बढ़ रहे हैं। जहाँ पर्व त्यौहार का महत्व कम हो रहा है और इनके नाम पर कामासक्त स्वेच्छाचारिता बढती जा रही है। शिक्षा एक व्यवसाय बन कर रह गयी है। भ्रष्ट तो पूरा समाज ही हो चुका है और यह भ्रष्टाचरिता पैसे के लेन देन से कहीं अधिक घिनौनी है। इस तरह से इस गाली का प्रयोग सिर्फ एक वर्ग के लिए होने से हम शायद इस अभिमान में हैं कि हम तो आम-आदमी हैं, सदाचारी हैं, पवित्र हैं।

बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलया कोये।
जो मन खोजा आपना, तो मुझसे बुरा न कोये॥

मुख्यमंत्री महोदय आप आम-आदमी पर अपने प्रभाव को जरा उनको आइना दिखाने के लिए भी करें अन्यथा वो इस अनभिज्ञता से ग्रसित रहेंगे कि वो तो पीड़ित हैं, आम हैं और सरकारी दफ्तरों में बैठा ही भ्रष्ट है। जब तक आम आदमी को यह समझ नहीं आएगा, ऐसा ही चलेगा। आखिर सरकारी कर्मी भी उसी का हिस्सा है।

अंततः मैं इस 'भ्रष्ट' और 'भ्रष्टाचार' शब्द का प्रयोग सिर्फ वर्ग विशेष के लिए करने का प्रतिकार करता हूँ।

No comments:

Post a Comment